Monday 14 March 2016

हिंदी मुहावरे 31

बाल-बाल बचना - (बड़ी कठिनाई से बचना)
वाक्य प्रयोग- गाड़ी की टक्कर होने पर मेरा मित्र बाल-बाल बच गया।

गिरगिट की तरह रंग बदलना - (बातों को सदा बदलते रहना)
वाक्य प्रयोग- रमेश अच्छा आदमी नहीं है जब देखो तब गिरगिट की तरह रंग बदलता रहता है।

मक्खियाँ मारना - (निकम्मे रहकर समय बिताना)
वाक्य प्रयोग- यह समय मक्खियाँ मारने का नहीं है, घर का कुछ काम-काज ही कर लो।

गुड़ गोबर कर देना - (बना-बनाया काम बिगाड़ देना)
वाक्य प्रयोग- गणेश ने गोकुल से वही बात बोल कर सारा गुड़ गोबर कर दिया।

माथा ठनकना - (संदेह होना)
वाक्य प्रयोग- सिंह के पंजों के निशान रेत पर देखते ही गीदड़ का माथा ठनक गया।

मिट्टी खराब करना - (बुरा हाल करना)
वाक्य प्रयोग- आजकल के नौजवानों ने बूढ़ों की मिट्टी खराब कर रखी है।

रंग उड़ना - (घबरा जाना)
वाक्य प्रयोग- काले नाग को देखते ही मेरा रंग उड़ गया।

रफूचक्कर होना - (भाग जाना)
वाक्य प्रयोग- पुलिस को देखते ही बदमाश रफूचक्कर हो गए।

लोहे के चने चबाना - (बहुत कठिनाई से सामना करना)
वाक्य प्रयोग- मुगल सम्राट अकबर को राणाप्रताप के साथ टक्कर लेते समय लोहे के चने चबाने पड़े।

विष उगलना - (बुरा-भला कहना)
वाक्य प्रयोग- दुर्योधन को गांडीव धनुष का अपमान करते देख अर्जुन विष उगलने लगा।

श्रीगणेश करना - (शुरू करना)
वाक्य प्रयोग- आज बृहस्पतिवार है, नए वर्ष की पढाई का श्रीगणेश कर लो।

हजामत बनाना - (ठगना)
वाक्य प्रयोग- ये विदेशी न जाने कितने भारतीयों की हजामत बना चुके हैं।

शैतान के कान कतरना - (बहुत चालाक होना)
वाक्य प्रयोग- तुम तो शैतान के भी कान कतरने वाले हो।

राई का पहाड़ बनाना - (छोटी-सी बात को बहुत बढ़ा देना)
वाक्य प्रयोग- तनिक-सी बात के लिए तुमने राई का पहाड़ बना दिया।

Subscribe

loading...

Ad